AMIT LEKH

Post: अमरीका-इजरायल के साम्राज्यवादी युद्ध उन्माद के खिलाफ शांति की आवाज बुलंद करने का आह्वान

अमरीका-इजरायल के साम्राज्यवादी युद्ध उन्माद के खिलाफ शांति की आवाज बुलंद करने का आह्वान

बेतिया से उप-संपादक का चश्मा : 

शहीदे आजम भगत सिंह के शहादत दिवस पर भाकपा (माले) का 11वां जिला सम्मेलन की शुरू

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। भाकपा (माले) का 11 वां गोपालगंज जिला सम्मेलन आज शहीदे आजम भगत सिंह को उनकी शहादत दिवस पर याद करते हुए अमरीका-इजरायल द्वारा ईरान पर जारी हमले के खिलाफ विरोध मार्च निकलने के साथ शुरू हुआ।

फोटो : मोहन सिंह

यह युद्ध विरोधी मार्च सम्मेलन स्थल रामाश्रय मैरेज हॉल से शुरू होकर थाना चौराहा होते हुए मुख्य बाजार से होकर पुनः सम्मेलन स्थल पहुंचा। भाकपा (माले) पोलित ब्यूरो के सदस्य धीरेन्द्र झा, जीरादेई के पूर्व विधायक अमरजीत कुशवाहा, भाकपा (माले) जिला सचिव इंद्रजीत कुशवाहा, केंद्रीय कमेटी सदस्य संतोष सहर, राज्य कमेटी सदस्य सुनील यादव और जितेंद्र कुमार, महिला नेत्रियों सरोज देवी, रमावती देवी समेत जिले के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने सम्बोधित किया। इससे पहले सम्मेलन स्थल पर जिले के वरिष्ठ भाकपा(माले) नेता का. आर आर नशेमन के हाथों झंडोत्तोलन के बाद भारतीय क्रांति के शहीद व दिवंगत नेताओं-भाकपा(माले) के संस्थापक महासचिव चारु मजूमदार, जौहर, विनोद मिश्र नागभूषण पटनायक, शहीद चंद्रशेखर, उमेश पासवान, मनु कुशवाहा, कमलेश्वर तिवारी, उपेन्द्र कुशवाहा, दीपचंद राम आदि को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गयी। सम्मेलन के मौके पर आये तमाम अतिथियों और प्रतिनिधियों ने शहीद वेदी पर माल्यार्पण किया और एक मिनट की मौन श्रद्धांजलि दी। भाकपा (माले) के 11 वें जिला सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए जीरादेई के पूर्व विधायक अमरजीत कुशवाहा ने ईरान पर अमरीका-इजरायल के हमले और देश की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा अमरीका-इजरायल धुरी के समक्ष पूरी तरह से आत्मसमर्पण की तीखी निंदा की। उन्होंने इस युद्ध की वजह से देश-दुनिया पर छाये संकट की विस्तार से चर्चा की और इस युद्ध के विरोध में मजबूत आवाज उठाने की मांग की। सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए भाकपा(माले) पोलित ब्यूरो सदस्य धीरेन्द्र झा ने कहा कि अब यह जगजाहिर हो चुका है कि भाजपा की नरेंद्र मोदी सरकार देश की साम्राज्यवादी विरोधी विरासत के साथ गद्दारी करते हुए अमरीका की घिनौनी दलाली पर उत्तर गयी है और देश की संप्रभुता, सुरक्षा और सम्मान के लिए बड़ा खतरा बन गयी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व में पुरे देश में और अब तो बिहार पर भी बुलडोजर राज थोपने की कोशिश चल रही है। देश के मजदूर किसानों, छात्र-नौजवानों और आम जनता के अधिकारों को कुचलकर अडानी-अंबानी के कारपोरेट राज को स्थापित करने और देश को संविधान की जगह मनुवाद से चलाने की कोशिशों को हमें मुंहतोड़ जवाब देना होगा और इसके लिए जनता की व्यापक एकता बनानी होगी। इस मौके पर जिले में चले सामन्तवाद विरोधी संघर्ष में शहीद हुए साथियो-मनु कुशवाहा, उपेंद्र कुशवाहा, बंगरा जनसंहार में शहीद परिवारों के परिजन दिलीप कुशवाहा, कमलेश्वर तिवारी, अवध राम और दिलीप कुशवाहा आदि को सम्मानित किया गया।

Comments are closed.

Recent Post