बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
नगर के सागर पोखरा एवं उत्तरवारी पोखरा में नौका संचालन शुल्क वसूली, विभिन्न सार्वजनिक शौचालयों के बंदोबस्ती पर लगेगी बोली
नगर निगम प्रशासन की खेती योग्य भूमि की बंदोबस्ती, दशहरा हजारी पशु मेला ग्राउंड के साथ अन्य सैरातों पर बोली की सूचना जारी
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि नगर आयुक्त के स्तर से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बाकी बचे सैरातों के बंदोबस्ती की सार्वजनिक सूचना जारी की गई है। जारी अधिसूचना के अनुसार नगर निगम के बंदोबस्ती से बाकी बचे सैरातों की बंदोबस्ती खुली डाक नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए इच्छुक व्यक्तियों या एजेंसियों को निर्धारित शर्तों के साथ भाग लेने का अवसर दिया गया है। नगर निगम कार्यालय सभाकक्ष में खुली बोली की प्रक्रिया 2 जून, 3 जून एवं 5 जून 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू की जाएगी। अधिसूचना में सागर पोखरा एवं उत्तरवारी पोखरा में नौका संचालन शुल्क वसूली, नगर निगम की खेती योग्य भूमि की बंदोबस्ती, घाट सैरात, दशहरा हजारी पशु मेला, तथा विभिन्न सार्वजनिक शौचालयों की बंदोबस्ती को शामिल किया गया है। इसके अलावा नगर क्षेत्र के पचरुखिया, रेलवे कैंप परिसर, सागर पोखरा, न्यू बस स्टैंड, शहीद पार्क, उत्तरवारी पोखरा पार्क, हरिजन टोली, चमड़ा गोदाम, गांधी बाजार और कालीबाग ओपी क्षेत्र स्थित सार्वजनिक शौचालयों से शुल्क वसूली के लिए भी संयुक्त बंदोबस्ती की व्यवस्था की गई है। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नीलामी में भाग लेने वाले इच्छुक व्यक्तियों पर नगर निगम का कोई बकाया नहीं होना चाहिए और इसके लिए “नो ड्यूज प्रमाण पत्र” जमा करना अनिवार्य होगा। प्रशासन का मानना है कि इस बंदोबस्ती प्रक्रिया से नगर निगम के राजस्व संग्रह को मजबूती मिलने के साथ संसाधनों के व्यवस्थित संचालन में भी सहायता मिलेगी।








