रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 25 नवम्बर 2026
जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने की तैयारियों की समीक्षा
प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को सुरक्षा, यातायात एवं विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)।सीएम सम्राट चौधरी के दिनांक 26 नवंबर 2026 को प्रस्तावित पश्चिम चम्पारण भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम के सफल, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर आज समाहरणालय सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी, तरनजोत सिंह एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, बेतिया कुमार गौतम ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्हें सौंपे गए दायित्वों का पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, विधि-व्यवस्था संधारण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थलों पर पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित सभी आवश्यक प्रबंध निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया। सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर तैयारियां पूर्ण करने एवं अपने दायित्वों के प्रति पूरी तरह सजग रहने को कहा गया। बैठक में नगर आयुक्त, नगर निगम बेतिया सुश्री शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) अमरेंद्र कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, बेतिया सदर विकास कुमार सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी तथा मुख्यमंत्री सुरक्षा से जुड़े वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

